बोकारो: जिले के नावाडीह स्थित बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम में आज होनहार विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह का आयोजन डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम महतो द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम में बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, एसपी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
समारोह में डुमरी विधानसभा क्षेत्र के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के तीनों संकाय के टॉप-10 विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र के 70 पंचायतों के 70 अन्य होनहार छात्रों को सम्मानित किया गया। टॉपर्स को लैपटॉप प्रदान किए गए जबकि अन्य विद्यार्थियों को टैब, प्रतियोगिता पुस्तकें, प्रमाण पत्र, मोमेंटो और मेडल देकर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया गया।
डुमरी विधायक जयराम महतो ने अपने संबोधन में सभी छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति हमेशा समर्पित और दृढ़ रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर परिणामों के लिए मेहनत करने की सलाह दी, ताकि झारखंड का नाम देश-विदेश में गौरवान्वित हो सके और उनके अभिभावक भी गर्व महसूस करें।
