बहरागोड़ा। संवाददाता
नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए बहरागोड़ा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
रविवार को कालियाडिंगा चौक के पास विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सफेद रंग की टाटा पंच (जेएच 05 डीएस 6333) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बने छिपे हुए हिस्सों से करीब 50 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे बेहद चालाकी से छिपाया गया था।
Read More: चाकुलिया में मांस-मछली दुकानों का होगा स्थानांतरण
मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान जमशेदपुर के सोनारी निवासी भीम यादव और बिहार के भोजपुर निवासी राजकुमार पाल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह खेप ओडिशा के चिल्का क्षेत्र से लाई गई थी और इसे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने मामले में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 19/2026 दर्ज कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सख्ती की सराहना की है।
छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला अजीत कुजूर, पुलिस निरीक्षक अनिल नायक, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।