रांची, संवाददाता:
दिल्ली में हुए धमाके के बाद झारखंड में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। राज्य की राजधानी रांची समेत सभी जिलों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए चौकसी बढ़ा दी है। संभावित खतरों को देखते हुए पुलिस ने चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान शुरू किया है।
कांटाटोली चौक पर खुद उतरे अधिकारी
बुधवार को रांची पुलिस की कई टीमें एक साथ अलग-अलग इलाकों में जांच में जुटी रहीं। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली चौक पर सिटी एसपी, डीएसपी, लोअर बाजार थाना प्रभारी और ट्रैफिक थाना प्रभारी खुद सड़क पर उतरकर वाहनों की जांच करते नजर आए। इस दौरान हर छोटे-बड़े वाहन की गहन तलाशी ली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एक एहतियाती कदम है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही टाला जा सके।

धुर्वा बस स्टैंड में यात्रियों की गहन जांच
धुर्वा बस स्टैंड में भी पुलिस ने जांच अभियान को तेज कर दिया है। बसों, यात्रियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मोरहाबादी में सक्रिय दिखी नारकोटिक्स टीम
राजधानी के मोरहाबादी क्षेत्र में नारकोटिक्स विभाग की टीम ने भी तलाशी अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थलों पर शराब और सिगरेट सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी दी गई, जबकि कुछ मामलों में जुर्माने की भी प्रक्रिया शुरू की गई है।

रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ाई गई निगरानी
रांची रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सिटी एसपी और RPF अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों और यात्रियों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद राज्यभर में अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं, रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर की शांति और सुरक्षा बरकरार रखी जा सके।