बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड की राजलाबांध और मानुषमुड़िया ग्राम पंचायतों ने ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट कार्य कर जिले का नाम रोशन किया है। दोनों पंचायतों को जिला स्तरीय प्रसार कार्यशाला में ‘स्वच्छ और हरित पंचायत’ का सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के हस्ताक्षर वाला प्रशस्ति पत्र पंचायत के मुखिया डोमा नायक और राम मुर्मू को सौंपा गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू और उप विकास आयुक्त भी मौजूद रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्रदान किया।
यह उपलब्धि पंचायत उन्नति सूचकांक बेसलाइन रिपोर्ट 2022-23 के आधार पर दी गई, जो ग्रामीण विकास में साक्ष्य-आधारित नीतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
समारोह में उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास में पारदर्शिता, जनभागीदारी और नवाचार की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने दोनों पंचायतों से अपील की कि वे 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं, मुखिया राम मुर्मू और डोमा नायक ने इस सम्मान को टीम वर्क की उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर प्रशिक्षण और इस तरह की कार्यशालाएं पंचायत प्रतिनिधियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस सम्मान से बहरागोड़ा प्रखंड की ग्रामीण पंचायतों में विकास की दिशा में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।