बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
झारखंड राज्य के पंचायत उन्नति सूचकांक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मानुषमुड़िया पंचायत के मुखिया राम मुर्मू को पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार द्वारा रांची में सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य स्तर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जहां टॉप 5 पंचायतों के मुखियाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि राम मुर्मू के नेतृत्व में मानुषमुड़िया पंचायत ने सामाजिक-आर्थिक विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता, और ग्राम स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसी उत्कृष्ट कार्य को मान्यता देते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
इस मौके पर पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान न केवल मुखिया राम मुर्मू के लिए बल्कि पूरे मानुषमुड़िया पंचायत के लिए गर्व की बात है। विभाग का उद्देश्य अन्य पंचायतों को भी प्रेरित करना है ताकि वे भी विकास की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
मुखिया राम मुर्मू ने सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह सम्मान पूरे पंचायत की मेहनत का परिणाम है। आने वाले दिनों में हम और भी बेहतर कार्य करेंगे।”