चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
श्रावण माह के पावन अवसर पर चाकुलिया से कांवरियों का एक जत्था गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने चाकुलिया के प्राचीन नागानल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा का अनुष्ठान मंदिर के पुजारी सुखदेव पति द्वारा संपन्न कराया गया।
पूजा के बाद कांवरियों का जत्था शाम को ट्रेन के माध्यम से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। वहां से सभी श्रद्धालु गंगा जल लेकर कांवर यात्रा के माध्यम से देवघर पहुंचेंगे और बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित करेंगे।
इस धार्मिक जत्थे में राजीव तिवारी, राजू गोप, संतोष कुमार, पीतांबर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप बेरा, रोहित बाल्मीकि समेत अनेक श्रद्धालु शामिल हैं। सभी के चेहरे पर श्रद्धा और उत्साह का भाव देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने कांवरियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी यात्रा की सफलता की कामना की। बाबा धाम के लिए रवाना हुआ यह जत्था क्षेत्र में भक्ति और आस्था का प्रतीक बन गया है।