Responsive Menu
Add more content here...

मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर रोक की मांग को लेकर भाकपा (मार्क्सवादी) का धरना प्रदर्शन

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) : — भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमेटी द्वारा शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध में किया गया, जिसमें पार्टी ने प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यह मांग की गई कि SIR प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और इसमें पारदर्शिता एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

भाकपा (मार्क्सवादी) के अनुसार, वर्तमान पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाताओं के नाम बिना उचित सूचना के हटाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता के मतदान अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। पार्टी ने यह भी मांग की कि किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाने से पूर्व लिखित सूचना और अपील का पूरा अवसर दिया जाए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि दस्तावेज़ के आधार पर मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया अस्वीकार्य है, और भारत में जन्मे हर नागरिक को मतदाता माना जाना चाहिए।

धरना प्रदर्शन में प्रमुख रूप से चित्तरंजन महतो, स्वपन महतो, राज कुमार दुबे, सुकुमार राणा, कान्हाई मुंडा, अभिजीत जाना, तारकेश्वर घोष समेत बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता शामिल हुए।