संवाददाता: निलेश बेरा
बहरागोड़ा, 09 जुलाई 2025:
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गामारिया पंचायत के बूढ़ीडाही गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक उखड़कर तीन घरों पर जा गिरा। हादसे में शत्रुघ्न सिंह, मंगल सिंह और रामधन सिंह के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि घटना के समय सभी घरवाले घर से बाहर खेतों में काम करने या रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बारिश के कारण ढह गया पेड़, दीवारें और छज्जा टूटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को लगातार बारिश हो रही थी, जिसके चलते बूढ़ा और विशालकाय पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया और मकानों पर आ गिरा। इससे तीनों मकानों की छतों और दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा है।
पीड़ित मंगल सिंह ने बताया, “हम लोग खेतों में काम करने गए थे और बड़े भाई शत्रुघ्न सिंह तथा रामधन सिंह मंगलवार को रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। सौभाग्य से घर में कोई नहीं था, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।”
पीएम आवास और आबुआ आवास की सुविधा से वंचित
पीड़ित परिवारों ने बताया कि अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा आबुआ आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे इस नुकसान की भरपाई करना बेहद कठिन होगा।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) केशव भारती ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया और पेड़ को हटाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति का जायजा लेकर यथोचित सहायता दी जाएगी ।