जमशेदपुर, 09 जुलाई 2025:
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 10 जुलाई 2025 को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जानकारी दी कि जिले में आगामी 24 घंटों के दौरान भीषण व लगातार बारिश की संभावना है, जिससे विद्यार्थियों एवं आम जनजीवन की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कक्षा 12 तक संचालित सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि आवश्यक हुआ, तो आगे के लिए अतिरिक्त दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।