Responsive Menu
Add more content here...

चांडिल डैम का जलस्तर खतरे के करीब, 10 फाटक खोले गए; तटीय गांवों में बाढ़ की आशंका

Spread the love

चांडिल: झारखंड के चांडिल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार तेज बारिश के चलते हालात गंभीर होते जा रहे हैं। सुबह चांडिल डैम का जलस्तर 180.20 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर के बिल्कुल समीप है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम प्रबंधन ने जल निकासी के लिए 10 फाटक खोल दिए हैं, जिससे अब स्वर्णरेखा नदी में करीब 1814 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, चार फाटक ढाई-ढाई मीटर और छह फाटक दो-दो मीटर तक खोले गए हैं, जिससे नदी में जलप्रवाह तेजी से बढ़ा है। इससे तटीय गांवों में बाढ़ और जलभराव का खतरा गहरा गया है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन स्वर्णरेखा नदी किनारे बसे गांवों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।

मंगलवार को डैम का जलस्तर 179.90 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि सभी फाटक दो-दो मीटर तक ही खोले गए थे। मगर बीते 24 घंटे में बारिश की तीव्रता बढ़ने के कारण जलस्तर में लगभग 30 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी में जुटा है।

आपदा प्रबंधन विभाग को संभावित प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही, जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, स्वर्णरेखा नदी के पास जाने से परहेज करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।