1 अगस्त से झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 24 जुलाई को कैबिनेट बैठक बुलाई है। मंत्रिपरिषद की यह बैठक शाम 4 बजे झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित की जाएगी। इसकी जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से जारी की गई आधिकारिक विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।
कैबिनेट बैठक में सरकार की ओर से कई अहम प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है। विभागों द्वारा प्रस्तावों की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। माना जा रहा है कि मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए सरकार कुछ बड़े फैसलों पर मुहर लगा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पिछली कैबिनेट बैठक 11 जुलाई को हुई थी, जिसमें कई नीतिगत फैसले लिए गए थे। उस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रांची आए थे और कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद दिल्ली रवाना हो गए थे। फिलहाल वे अपने पिता और झारखंड के वरिष्ठ नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए दिल्ली में हैं। सूत्रों के मुताबिक शिबू सोरेन की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है, जिससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री जल्द ही झारखंड लौट सकते हैं। हालांकि, उनके आगमन की आधिकारिक तिथि अब तक तय नहीं हुई है।