चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत में बुधवार देर शाम एक जंगली हाथी के अचानक गांव में प्रवेश करने से अफरा-तफरी मच गई। साप्ताहिक हाट के पास जंगल से निकलकर आया हाथी सीधे उत्क्रमित हाई स्कूल भवन के पास जा खड़ा हुआ, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
लोगों ने भागकर बचाई जान
स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही हाथी हाट के पास पहुंचा, वहां मौजूद ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़कर हाथी से बचने का प्रयास करने लगे।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीम लगातार हाथी पर नजर रखे हुए है ताकि किसी तरह की जनहानि या नुकसान न हो।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से लोधाशोली और आस-पास के गांवों के लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेजने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।