चाकुलिया, झारखंड – चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित पुराने सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भवन परिसर में शनिवार रात करंट लगने से एक महिला स्वास्थ्यकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान 49 वर्षीय सुकांति मूर्मू के रूप में हुई है, जो नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत अनुबंध पर बहाल एएनएम (सहायक नर्स दाई) थीं। वे प्रखंड क्षेत्र के बर्डीकानपुर गांव की निवासी थीं और जोड़ाम उप स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थीं।
बारिश के कारण स्टैंड फैन में आया करंट बना मौत का कारण
सुकांति अपने पति कन्हाई लाल बास्के के साथ पुराने सीएचसी भवन परिसर स्थित क्वार्टर में रहती थीं। घटना के समय कन्हाई किसी काम से चाकुलिया रेलवे स्टेशन गए थे। लौटने पर उन्होंने अपनी पत्नी को जमीन पर पड़ा पाया, बगल में एक स्टैंड फैन गिरा हुआ था। आशंका है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पंखे में करंट आ गया था और स्पर्श होते ही हादसा हो गया।
कन्हाई ने तुरंत स्थानीय कर्मियों की मदद से सुकांति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन की प्रतिक्रिया और मांग
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस की ओर से थाना के एएसआई पीतांबर मंडल मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेजा गया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत की वजह विद्युत करंट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
स्वास्थ्यकर्मियों की मांग: मुआवजा और नौकरी
घटना के बाद अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मियों ने विधायक समीर मोहंती के समक्ष मृतका के आश्रित परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है।