चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) : विगत रविवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चाकुलिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि धालभूमगढ़ से बंगाल की तरफ काला और लाल रंग की तीन मोटरसाइकिलों पर प्रतिबंधित मांस ले जाया जा रहा है, जिसे बंगाल और आस-पास के क्षेत्रों में बेचा जाना था। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने ग्राम नरसिंहपुर मोड़ के पास एक सघन जांच अभियान शुरू किया।

धालभूमगढ़ की दिशा से आ रही तीनों मोटरसाइकिलों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। बाकी बचे दो मोटरसाइकिल सवारों की जांच की गई। उनकी मोटरसाइकिलों पर टंगे थैलों की तलाशी लेने पर उनमें प्रतिबंधित मांस पाया गया। पुलिस ने तत्काल मांस और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जहीमुद्दीन मल्लिक उर्फ लोधा मल्लिक(47) और मजिबुर रहमान(60) के रूप में हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को चाकुलिया थाना लाया गया और उनके खिलाफ चाकुलिया थाना कांड संख्या 84/25 के तहत धारा 325/292/3(5)बी.एन.एस. एवं झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 12 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जब्त किए गए प्रतिबंधित मांस और गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। साथ ही जब्त किए गए प्रतिबंधित मांस की प्रकृति की पुष्टि के लिए एफ.एस.एल. जांच हेतु आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी अनुसंधान और छापामारी जारी है।