चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम | भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने आज चाकुलिया प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आरती मुंडा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में लंबित वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के शीघ्र और नियमित भुगतान की मांग की।
डॉ. गोस्वामी ने बीडीओ को अवगत कराया कि पिछले कई महीनों से पेंशनधारियों को भुगतान नहीं मिला है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चाकुलिया प्रखंड में 20,000 से अधिक लाभुक पेंशन के लिए हर दिन बैंकों का चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से इस विषय में सहानुभूतिपूर्ण और संवेदनशील रवैया अपनाने का अनुरोध किया।
इसके साथ ही, डॉ. गोस्वामी ने प्रखंड के कुछ पंचायतों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़े की शिकायत भी की। उन्होंने कहा कि बेंद पंचायत में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं रहता, फिर भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक मुस्लिम महिला इस योजना का लाभ ले रही है। उन्होंने इस मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बीडीओ से मुलाकात के दौरान डॉ. गोस्वामी के साथ भाजपा नेता हरिसाधन मल्लिक, चंडीचरण मुंडा, दिलीप महतो, महादेव महतो, चंचल मंडल, संदीप चांद, बनमाली दास, शंकर गोस्वामी, राणाप्रताप गोप, परिमल दास एवं रोहित पति भी उपस्थित थे।
डॉ. गोस्वामी ने यह भी कहा कि भाजपा आम जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा सजग है और जरूरत पड़ने पर जनहित में आंदोलन भी किया जाएगा।