सो रही मां-बेटी ने कमरे के कोने में छिपकर बचाई जान
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड के भातकुंडा पंचायत अंतर्गत दक्षिणशोल गांव में बीती रात जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रात लगभग एक बजे जंगल से निकलकर एक हाथी गांव में घुस आया और अनीता रानी महतो के घर को निशाना बनाया।
घर की दीवार क्षतिग्रस्त, अनाज को रौंदा
हाथी ने घर की दीवार को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। घर के अंदर रखा गया करीब दो क्विंटल धान हाथी ने खा लिया, जबकि शेष अनाज को पैरों तले रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
मौत के साये में छिपी रहीं मां-बेटी
घटना के समय घर के अंदर अनीता रानी महतो और उनकी वृद्ध मां उत्तरा महतो गहरी नींद में सो रही थीं। अचानक हुए हमले से दोनों बुरी तरह डर गईं और अपनी जान बचाने के लिए कमरे के एक सुरक्षित कोने में छिप गईं। हाथी के गांव से बाहर निकलने तक दोनों वहीं दुबकी रहीं।
ग्रामीणों की मशक्कत से खदेड़ा गया हाथी
हाथी के उत्पात की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में जुटे और शोर-शराबा कर काफी प्रयास के बाद हाथी को गांव से बाहर जंगल की ओर खदेड़ा गया।
जनप्रतिनिधियों ने लिया नुकसान का जायजा
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि राम बास्के और ग्राम प्रधान देव मुंडा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर क्षतिग्रस्त मकान और बर्बाद हुए अनाज का जायजा लिया तथा प्रशासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।