चाकूलिया। संवाददाता (रोहन सिंह)
खेलो झारखंड के तहत आयोजित गोला फेंक प्रतियोगिता में चाकूलिया प्रखंड की नारायण दास रूंगटा उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा दीपाली मुंडा ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दीपाली ने प्रखंड स्तरीय मुकाबले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
संसाधनों की कमी के बावजूद सफलता
जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित इस विद्यालय में शारीरिक शिक्षक की कमी होने के बावजूद दीपाली ने अपने जज्बे और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
शिक्षक को श्रेय
दीपाली की सफलता का श्रेय सहायक शिक्षक विश्वजीत गिरी को भी जाता है। वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति लगातार प्रेरित करते रहते हैं और कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित करते हैं।