Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के चार बच्चों का होगा हृदय ऑपरेशन, इलाज के लिए कोच्चि रवाना

Spread the love

चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के अलग-अलग गांवों के चार बच्चों को बेहतर इलाज की उम्मीद मिली है। हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित इन बच्चों का राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा। इसके लिए बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ कोच्चि भेजा गया है।

चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के चिकित्सक डॉ. केवी महतो ने बताया कि राजाबासा गांव के हर्षसाई नायक, जामुआ के गणेश महतो, जामुआ की मोनिका मुंडा और इंदबनी गांव के रोहित मुंडा पिछले कुछ समय से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे।

जांच के बाद सभी बच्चों को बेहतर उपचार के लिए कोच्चि रेफर किया गया। अब अमृता अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनके हृदय का ऑपरेशन किया जाएगा।

डॉ. महतो के अनुसार, बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि बच्चों के इलाज के साथ उनके अभिभावकों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार की ओर से एक मरीज के साथ दो परिजनों के रहने, भोजन और आने-जाने से संबंधित खर्च का प्रावधान किया गया है।

चारों बच्चों के कोच्चि रवाना होने से उनके परिवारों में बेहतर इलाज को लेकर उम्मीद जगी है। परिजनों ने सरकारी स्वास्थ्य योजना के माध्यम से इलाज की सुविधा मिलने पर राहत जताई है।