संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट
चाकुलिया: राजाबासा सुतान टांडी शिकार पर्व का शुभारंभ, वन देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना
चाकुलिया: जमुआ पंचायत के केरूकोचा गांव के पास सोमवार से राजाबासा सुतान टांडी शिकार पर्व का आयोजन शुरू हो गया है। पहले दिन कुल 52 मौजा के ग्रामीणों ने एक साथ मिलकर वन देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। हरिनिया स्थित मुख्य थान में पुजारी पुतु सबर द्वारा विधिवत पूजा कराई गई, जिसमें स्थानीय लोग भक्ति भाव से शामिल हुए।
पूजा के बाद शिकारियों का जत्था जंगल में शिकार के लिए रवाना हो गया। शाम को यह जत्था राजाबासा सुतान टांडी, बुआंगडीह और गिपितीज टांडी में एकत्रित होगा। इस दौरान यदि किसी प्रकार का वाद-विवाद होता है तो स्थानीय लोग बैठक कर उसका समाधान करते हैं।
शिकार पर्व के दौरान मनोरंजन के लिए ञिंदा सिंगराई का भी आयोजन किया जाता है, जो सामाजिक मेलजोल और सांस्कृतिक उल्लास का प्रतीक है। मंगलवार को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
पूजा-अर्चना के मौके पर बामनडीह के माझी बाबा रामचंद्र हांसदा, हरिनिया के माझी बाबा फागुनाथ हांसदा, बुआंगडीह के माझी बाबा फातु मांडी, सुनाराम हांसदा, कान्हु राम हांसदा, सुभाष हांसदा, गोपीनाथ सोरेन, राम मुर्मू, दासो मांडी और सिमौत सबर जैसे प्रमुख जन प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।