Responsive Menu
Add more content here...

जामबनी में धूमधाम से मनाई गई सरहुल पूजा, धमसा की थाप पर थिरके विधायक सोमेश चंद्र सोरेन

Spread the love

चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :

जाहेर थान में हुई पूजा-अर्चना
चाकुलिया प्रखंड के कालियाम पंचायत स्थित जामबनी गांव के जाहेर थान में रविवार देर शाम सरहुल पूजा धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर नायके बाबा आंपा हांसदा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक
कार्यक्रम में घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी शामिल हुए। उन्होंने जाहेर थान में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

धमसा की थाप पर किया नृत्य
सरहुल पर्व के अवसर पर आयोजित मा: मोड़े बाहा नृत्य में ग्रामीणों के साथ विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी शामिल हुए। उन्होंने धमसा बजाकर पारंपरिक नृत्य में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

संस्कृति हमारी पहचान: विधायक
इस मौके पर विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि किसी भी समाज की संस्कृति उसकी पहचान होती है। आदिवासी संस्कृति अनोखी और समृद्ध है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का पुजारी है और सरहुल पूजा प्रकृति की रक्षा का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने की अपील की।

सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम, सोनाहातू के मुखिया मोहन सोरेन, माटियाबांधी के मुखिया जादू हेंब्रम, बड़ामारा के मुखिया दशरथ मुर्मू, चंदनपुर की मुखिया मादो टुडू, माझी बाबा विराम हांसदा, डोमन माझी, पंचायत सचिव कुंज बिहारी साव समेत सैकड़ों पुरुष और महिलाएं उपस्थित रहे।

प्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण
सरहुल पूजा को लेकर जाहेर थान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया।