बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित पवित्र जाहेरगढ़ परिसर रविवार को प्रकृति पर्व ‘बाहा’ के रंग में रंगा नजर आया। यहां 39वें सेरम पुराव दिशुवा बाहा बोंगा उत्सव का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ किया गया। मांदर की थाप और पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से माहौल भक्तिमय बना रहा।
विधायक समेत कई गणमान्य रहे उपस्थित
उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती शामिल हुए। उनके साथ थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, रासबिहारी साऊ, प्रो. श्याम मुर्मू और विशु ओझा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संथाली परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन समिति ने अतिथियों का संथाली परंपरा के अनुरूप अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद जाहेरथान में माझि बाबा और नायके बाबा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और अच्छी फसल की कामना की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
उत्सव के दौरान पुरुष और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजे दिखाई दिए। युवतियों ने सखुआ (शाल) और महुआ के फूलों से सजे पारंपरिक श्रृंगार के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
“बाहा प्रकृति और मानव के प्रेम का प्रतीक”
इस अवसर पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि ‘बाहा’ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपरा को सहेज कर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उत्सव में गुरुचरण मंडी, दुर्गा प्रसाद हांसदा, कुंवर लाल मंडी, शीतल हेंब्रम, विधान चंद्र मंडी, रस राज टुडू, मान सिंह सोरेन, नंदलाल कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।