Responsive Menu
Add more content here...

प्रकृति की गोद में गूंजी मांदर की थाप, श्रद्धा के साथ मनाया गया बाहा बोंगा पर्व

Spread the love

advertisment

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की भूतिया पंचायत स्थित जाहेर थान में संताल समुदाय द्वारा शुक्रवार को प्रकृति पर्व ‘बाहा बोंगा’ पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत ऋतु के आगमन और साल-महुआ के फूलों के खिलने की खुशी में आयोजित यह पर्व तीन दिनों तक चला।

पर्व की शुरुआत पुजारी (नायके बाबा) दासमात मंडी द्वारा जाहेर थान की पवित्रता और साफ-सफाई के साथ हुई। इसके बाद देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। ग्रामीण नाचते-गाते हुए नायके बाबा को जाहेर थान तक लेकर पहुंचे, जहां साल के फूलों की विधिवत पूजा की गई। पूजा के उपरांत देवताओं को अर्पित किए गए फूल ग्रामीणों के बीच वितरित किए गए।

advertisment

इस अवसर पर पूरा गांव ढोल, नगाड़े और धमसा की थाप पर झूम उठा। पुरुष और महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर सामूहिक नृत्य करते नजर आए। मांदर की गूंज और पारंपरिक गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवी बना दिया।

संताल समुदाय के लिए बाहा बोंगा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है। यह पर्व पर्यावरण और परंपरा के संरक्षण का संदेश भी देता है।

इस मौके पर माझी बाबा सिताराम मंडी, गोडेत बाबा जान मंडी, दशरथ हांसदा, विधान मंडी, खुदीराम मंडी सहित भूतिया और आसपास के गांवों के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।