चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत लोधाशोली पंचायत के खाड़बांधा गांव स्थित जंगल में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने किया प्रारंभिक प्रयास
जंगल से उठते धुएं और तेज लपटों को देखकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण घंटों की मशक्कत के बावजूद वे उस पर काबू नहीं पा सके।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
स्थिति गंभीर होती देख ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की क्विक रिस्पांस टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने एयर ब्लोअर समेत अन्य संसाधनों का उपयोग कर कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वन विभाग मामले की जांच में जुट गया है।