Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में गणेश चतुर्थी की धूम, तैयारियों में जुटी समितियां, जगन्नाथपुर में मनाया जाएगा 25वां वर्षगांठ उत्सव

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर गांव-गांव में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गणेश मूर्तियों को अंतिम रूप देने में मूर्तिकार लगातार जुटे हुए हैं। क्षेत्र के बहरागोड़ा, साकरा, बामडोल, खंडामौदा, घासपदा, गामारिया, छोटाकुलिया और जगन्नाथपुर समेत विभिन्न गांवों में कलाकार छोटे से लेकर बड़े आकार की मूर्तियों को तैयार कर रहे हैं। इन मूर्तियों की कीमत 500 रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक रखी गई है।

जगन्नाथपुर में सिल्वर जुबली उत्सव

जगन्नाथपुर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति इस वर्ष अपनी स्थापना का 25वां वर्षगांठ यानी सिल्वर जुबली मना रही है। इसे खास बनाने के लिए भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसे आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। चार दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गणेश चतुर्थी के दिन 108 महिलाओं और कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं रात को पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक मंडली द्वारा रंगारंग कार्यक्रम पेश किया जाएगा।

बामडोल में 12 फीट की भव्य मूर्ति

पाथरी पंचायत के बामडोल गांव में ए टू जेड क्लब गणेश पूजा कमेटी इस वर्ष भव्य स्तर पर श्री गणेश पूजा आयोजित कर रही है। समिति की ओर से 12 फीट ऊंची विशाल गणेश प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है, जिसे कलाकार अंतिम रूप देने में जुटे हैं। तालाब किनारे बने आकर्षक पंडाल में पूजा का आयोजन होगा।

मौदा गांव में भी जोर-शोर से तैयारी

मौदा गांव में बकुलतल गणेश पूजा कमेटी की ओर से भी भव्य पंडाल का निर्माण कर पूजा की पूरी तैयारी कर ली गई है। समिति के सदस्य उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व आयोजन की तैयारी में लगे हुए हैं।