बहरागोड़ा, 22 अगस्त 2025 – बहरागोड़ा प्रखंड के पारुलिया पंचायत अंतर्गत स्थित जगन्नाथपुर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति इस वर्ष अपनी सिल्वर जुबली (25वें वर्ष) बड़े धूमधाम से मनाने जा रही है। इस खास अवसर पर पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं और समिति द्वारा गणेश जी की एक भव्य मूर्ति का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे कारीगर अंतिम रूप देने में व्यस्त हैं।

जगन्नाथपुर चौक के पास स्थित दुर्गा मैदान में इस बार समिति की ओर से भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां गणेश पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कमिटी के सदस्य उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि इस वर्ष, सिल्वर जुबली के अवसर पर चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विविधता से भरपूर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों जैसे बहरागोड़ा, बेंदा, मौदा, खंडामौदा, बामडोल, महुलडांगरी, साकरा, माटीहाना, सासन, गमारिया, बोरागाडिया, मानुषमुडिया, धानघोरी, जगन्नाथपुर, जयपुरा, पारुलिया, कुमारडूबी, दारिशोल सहित कई स्थानों पर श्री गणेश पूजा की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। हर गांव में पूजा पंडाल स्थापित कर समिति द्वारा श्रद्धा भाव से पूजा की जाएगी।
इस पर्व को लेकर स्थानीय निवासी उत्साहित हैं और सभी को विश्वास है कि इस बार का गणेश महोत्सव एक यादगार अनुभव बनेगा।