जमशेदपुर, 22 अगस्त 2025: झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना और केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए आधार सीडिंग का विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप उन लाभार्थियों के लिए है, जिनका भुगतान असफल हो गया है, साथ ही झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के NON-DBT लाभार्थियों के लिए भी यह कैम्प महत्वपूर्ण है।
यह कैम्प 26, 28 और 29 अगस्त 2025 को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किया जाएगा। कैम्प का आयोजन जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, अंचल कार्यालय जमशेदपुर, मानगो और चाकुलिया में होगा। इन कैम्पों में बैंकिंग कोरेस्पॉन्डेंट उपस्थित रहकर लाभार्थियों की आधार सीडिंग करेंगे।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी निर्धारित तिथियों पर पंचायत के अनुसार कैंप के आयोजन को सफल बनाएं।
लाभार्थियों से अनुरोध है कि वे इन तिथियों पर कैंप में उपस्थित होकर अपना आधार सीडिंग करवा लें ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।