चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत के सभागार में शुक्रवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पंचायत की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी 11 वार्डों के पार्षदों का अभिनंदन किया गया। समारोह का माहौल उत्साह और उमंग से भरा रहा।

कार्यक्रम में नगर प्रशासक मोटाय बानरा ने अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा और सभी वार्ड पार्षदों को गुलदस्ता एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर केक काटा और खुशी साझा की।

सम्मान समारोह के बाद सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपना परिचय दिया। उन्होंने नगर के विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या सात की सदस्य इंदु देवी ने महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने आने वाले त्योहारों जैसे ईद, सरहुल और रामनवमी का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने नगर में बेहतर जनसुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की मांग रखी।

इंदु देवी ने सुझाव दिया कि हर वार्ड में कम से कम चार सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाए। इससे स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर ही स्वस्थ समाज की पहचान होता है। इस सुझाव का अन्य पार्षदों ने भी समर्थन किया।
नगर प्रशासक मोटाय बानरा ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि चाकुलिया को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रशासन के प्रयास से यह संभव नहीं है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कचरा कम उत्पन्न करें। साथ ही कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता ही नगर के विकास की पहली सीढ़ी है। यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें, तो चाकुलिया को एक आदर्श नगर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने नगर के विकास के लिए योजनाएं बनाने और उन्हें जमीन पर उतारने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर कई वार्ड सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें संजीव मांडी, गोपाल चंद्र दास, सोनिया दास, शतदल महतो, संजय घोष, मलय रुहिदास, इंदु देवी, मो. नजीमुद्दीन, तबस्सुम आरा, मौसमी मल्लिक और कारमी सोरेन शामिल थे। इसके अलावा नगर प्रबंधन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
नगर प्रबंधक अनंत खलखो, प्रभात मिंज, कनीय अभियंता रोहित लकड़ा, मीता राय, हरीमोहन पाणिका, रेणुका महतो, अमित मिश्रा, आशीष ज्योति, असीम नाथ, प्रलभ झा, अरुण महतो और प्रसेंजीत दास समेत कई लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान नगर के समग्र विकास और स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया। यह समारोह न केवल सम्मान का मंच बना, बल्कि विकास के लिए नई दिशा भी तय कर गया।
इसे भी पढ़ें: