
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह): चाकुलिया नगर पंचायत के नए कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रशासक मोटाय बानरा ने बुधवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित सादे समारोह में निवर्तमान पदाधिकारी चंदन कुमार ने उन्हें कार्यभार सौंपा। चंदन कुमार का हाल ही में तबादला जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के रूप में किया गया है।

मोटाय बानरा भी उसी बैच के अधिकारी हैं और इससे पहले धनबाद नगर निगम में कार्यरत थे। उन्होंने जुगसलाई नगर परिषद में भी सेवाएं दी हैं। प्रभार ग्रहण के दौरान नगर पंचायत के कर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और इसमें जनसहभागिता महत्वपूर्ण होगी।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में सरकार के निर्देशानुसार मांस, मछली और मुर्गा बिक्री पर पूरी तरह से रोक लागू रहेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में चाकुलिया में पदस्थापित सहायक अभियंता वैदेही शरण का भी तबादला हो गया है।
प्रभार हस्तांतरण के बाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कर्मियों ने निवर्तमान प्रशासक चंदन कुमार को शाल और गुलदस्ता भेंटकर भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर नगर प्रबंधक अनंत खलको, प्रभात मिंज, सहायक अभियंता मयंक शेखर मिश्रा, कनीय अभियंता रोहित लकड़ा, अनीश कुमार, मीता राय, प्रधान लिपिक अमित मिश्रा, असीम नाथ समेत कई लोग मौजूद रहे।
