
जमशेदपुर संवाददाता
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कथित तौर पर वोट चोरी के मामलों को लेकर चल रहे विपक्षी आंदोलन को समर्थन देने के लिए जमशेदपुर में कांग्रेस पार्टी ने मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस साकची रामलीला मैदान से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुँचा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में इलेक्शन कमीशन और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

जुलूस का नेतृत्व झारखंड युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यम सिंह ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने जनता को वोट का अधिकार दिलाने के लिए बलिदान दिया था, लेकिन आज वही अधिकार छीना जा रहा है। उनका कहना था कि लाखों फर्जी मतदाताओं से वोट डलवाए जा रहे हैं और सही मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।

सत्यम सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर लगातार आंदोलन जारी रहेगा।
