
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया नगर पंचायत के सबर बस्ती में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चांदी और सोने जैसे आभूषण बरामद किया है। यह छापेमारी चाकुलिया पुलिस द्वारा ओड़िशा के रायगढ़ा पुलिस के सहयोग से की गई। मामले में एक महिला गीता सबर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य नेहा सबर मौके से फरार हो गई।
छापेमारी की यह कार्रवाई चाकुलिया थाना कांड संख्या 48/2025, दिनांक 18 जुलाई 2025 के तहत की गई। यह छापेमारी रायगढ़ा थाना कांड संख्या 224/2025, दिनांक से जुड़ी है। इसमें रायगढ़ा पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज में एक महिला संदिग्ध दिखी थी। इस सुराग के आधार पर चाकुलिया पुलिस ने संदेह के घेरे में आई नेहा सबर के घर पर छापा मारा, जहां से एक चांदी जैसी थाली बरामद की गई।नेहा के फरार होने के बाद उसके पड़ोसी गीता सबर के घर की तलाशी ली गई, जहां एक बक्से से चांदी और सोने जैसे भारी मात्रा में गहने बरामद हुए। इसके साथ ही एक लोहे का सबल और एक फोल्डेबल धारदार चाकू भी मिला। जब बरामद आभूषणों के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो गीता कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकी। बरामद चांदी जैसे दिखने वाले आभूषणों का कुल वजन 3.660 किलोग्राम है, जिसमें पायल, अंगूठी, चेन, कमरबंद, चुड़ी, तख्ती आदि शामिल हैं। वहीं, सोने जैसे दिखने वाले गहनों का कुल वजन 47 ग्राम पाया गया, जिसमें नेकलेस, बाली, लॉकेट और अंगूठी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामान को जब्त करते हुए गीता सबर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। यह कार्रवाई चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में की गई।