चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) 29 जुलाई 2025
श्रावण मास की तीसरी सोमवारी पर चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। अलसुबह से ही पुरुष, महिलाएं और कावड़िए मंदिरों की ओर निकल पड़े और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने भगवान शिव को जल, बेलपत्र और दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
नागानल मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित नागानल मंदिर में सुबह से ही पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। पुरुषों और महिलाओं की लंबी कतारें दोपहर तक मंदिर के बाहर लगी रहीं। आसपास के गांवों से आए कावड़िए गंगाजल लेकर पहुंचे और पारंपरिक रीति से शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
अन्य प्रमुख शिवालयों में भी आस्था का उत्सव
प्रखंड शिव मंदिर में दिनभर पूजन-अर्चन का सिलसिला चलता रहा।
माटियाबांधी पंचायत के गोटाशिला पहाड़ स्थित शिव मंदिर पर भी दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
बड़ामारा गांव के पास स्थित ऐतिहासिक बिजलेश्वर शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर लगभग 150 वर्ष पुराना है और श्रावण मास में यहां विशेष पूजा होती है।
कांवड़ियों की रही विशेष उपस्थिति
कई गांवों से आए कांवड़िए पैदल चलकर मंदिरों तक पहुंचे। “बोल बम” और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर भक्ति गीतों और शिव भजनों से गूंजते रहे।