बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) : सावन माह की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड स्थित प्राचीन चित्रेस्वर शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव को जल अर्पित करने पहुंचे।
सुबह तीन बजे से ही मंदिर परिसर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। भक्त कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए घंटों तक प्रतीक्षा करते रहे। मंदिर समिति की ओर से जलाभिषेक के लिए पाइपलाइन और जल टंकी की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा हो।
भीड़ की सुव्यवस्था के लिए पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं थीं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बड़शोल थाना की पुलिस टीम मंदिर परिसर में तैनात रही। मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक सतपती और स्वपन सतपती समेत अन्य पुरोहित दिनभर पूजा-अर्चना में व्यस्त रहे।
श्रद्धालुओं का उत्साह केवल चित्रेस्वर मंदिर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि बहरागोड़ा क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में डूबा रहा।
रविवार रात से ही हजारों कांवरिए कंधे पर जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे, और बाबा चित्रेस्वर को जलाभिषेक किया। वहीं एक विशेष भक्त ने कोलकाता स्थित गंगा नदी में स्नान कर अपने शरीर में 108 त्रिशूल घोंपकर वाहन से यात्रा कर बाबा के दरबार में पहुंचकर अपनी हठ-भक्ति का परिचय दिया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।