बहरागोड़ा। श्रावण मास की तृतीय सोमवारी के पावन अवसर पर बहरागोड़ा क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की।
झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमा पर स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम में विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु कंधे और माथे पर जल लेकर बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग का जलाभिषेक करने पहुंचे। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव की आराधना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा अरघा सिस्टम की समुचित व्यवस्था की गई थी। वहीं, बरसोल थाना पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से जलाभिषेक किया।
चित्रेश्वर धाम के अलावा बहरागोड़ा बाजार स्थित पाटपुर, थाना परिसर, महूलडांगरी, इचड़ाशोल, डूंगरी, भंडारसोल सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
श्रावण मास की सोमवारी को लेकर शिवभक्तों में विशेष आस्था देखने को मिली और दिनभर मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।