गुड़ाबांधा। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी पंचायत में बैंकिंग सुविधाओं की कमी और कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने जिला प्रशासन और बीएसएनएल अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है।
इस संबंध में झामुमो के प्रखंड सचिव भुकाई सोरेन सहित स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों ने कुणाल षाड़ंगी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बैंकिंग सुविधा के अभाव में उन्हें आवश्यक कार्यों के लिए ज्वल्काटा स्थित बैंक तक जाना पड़ता है, जिससे पूरे दिन का समय खर्च हो जाता है। कई बार नेटवर्क बाधित होने के कारण उन्हें बिना काम के वापस लौटना पड़ता है।
उपायुक्त ने बैंक खोलने की प्रक्रिया तेज करने का दिया भरोसा
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि बनमाकड़ी समेत आसपास के कई पंचायतों के हजारों लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी होती है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) को क्षेत्र का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं संचालित करने वाली संस्थाओं से भी बातचीत जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द ही बनमाकड़ी, मुराकाटी, अंगारपाड़ा और बालीजुड़ी पंचायतों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मोबाइल नेटवर्क सुधारने की भी उठी मांग
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी उठाई। इस पर कुणाल षाड़ंगी ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक से संपर्क कर क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित करने अथवा मौजूदा टावरों की सिग्नल क्षमता बढ़ाने का अनुरोध किया।
Read More : चाकुलिया के खैरबनी में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, मुख्य अतिथि बने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी
बीएसएनएल के महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि अगले सप्ताह विभाग के इंजीनियर गांव का दौरा करेंगे, स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और तकनीकी सर्वे के आधार पर नेटवर्क समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
बैंकिंग और संचार सुविधाओं को लेकर की गई इस पहल पर स्थानीय ग्रामीणों ने कुणाल षाड़ंगी का आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और बीएसएनएल के आश्वासन के बाद जल्द ही क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।