Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया के खैरबनी में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, मुख्य अतिथि बने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी

Spread the love

चाकुलिया: प्रखंड के श्यामसुंदरपुर पंचायत अंतर्गत बी.सी.एस.सी. खैरबनी क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया और सभी टीमों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे भविष्य में वे बड़े मंचों तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को लगातार जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर श्यामसुंदरपुर पंचायत की मुखिया हीरामुनी हांसदा, उपमुखिया ममता हांसदा, ग्राम प्रधान रवीन्द्रनाथ हांसदा, रामचंद्र हांसदा, क्लब अध्यक्ष समीर किस्कू, देवराज हेम्ब्रम, झामुमो नेता नया किस्कू, रामानंद गोस्वामी, प्रदीप गिरी सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे। दर्शकों के उत्साह और खिलाड़ियों के जोश ने पूरे आयोजन को खेल भावना से सराबोर कर दिया। आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट में विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं और विजेता टीम को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।