श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के केल्लम क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दोनों श्रमिकों को निशाना बनाकर गोलीबारी की और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान दीपक और भोपिंदर के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी थे और रोज़गार के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा बल हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इस आतंकी हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।