अनंतनाग/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज हो गई है। इस हमले में शामिल स्थानीय आतंकी आदिल हुसैन थोकर के घर को सुरक्षा बलों ने बम से उड़ा दिया, जबकि उसके साथी आतंकी आसिफ के घर को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
गोरी इलाके में बम से उड़ाया गया आदिल का घर
जानकारी के अनुसार, आदिल हुसैन थोकर अनंतनाग जिले के बिजबेहरा के गोरी इलाके का निवासी था। सुरक्षा बलों ने बुधवार को उसके घर को विस्फोटक लगाकर ध्वस्त कर दिया। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को पूरी तरह सील कर रखा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट के बाद मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया।
पहलगाम हमले में गई थी 26 लोगों की जान
22 अप्रैल को हुए इस आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। सेना के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा (LET) के चार आतंकियों के एक समूह ने इस हमले को अंजाम दिया था। हमले के दौरान आतंकी स्टील-टिप वाली गोलियों से लैस एके-47 राइफलों और बॉडी कैमरा पहने हुए थे।
पाकिस्तान में ली थी ट्रेनिंग
सैन्य सूत्रों ने बताया कि आदिल हुसैन थोकर ने 2018 में अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए वैध तरीके से पाकिस्तान की यात्रा की थी। वहां उसने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लिया और आतंकवाद की ट्रेनिंग ली। लौटने के बाद वह घाटी में सक्रिय हो गया और कई हमलों में शामिल रहा।
आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अब केवल आतंकियों को मार गिराना ही नहीं, बल्कि उनके नेटवर्क, पनाहगाहों और सहयोगियों को भी पूरी तरह खत्म करना प्राथमिकता है।