बहरागोड़ा (बापुन):
बंगला पंचांग के अनुसार सावन महीने की प्रथम सोमवार को लेकर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शिवभक्तों में भारी उत्साह देखा गया। कांवड़ यात्रा करते हुए भक्तों ने भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया और पूजन-अर्चन किया।
इस मौके पर बहरागोड़ा, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित बाबा चित्रेश्वर धाम में तीनों राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया और पूजा अर्पित की।
इसके अलावा क्षेत्र के अन्य प्रसिद्ध शिवालय जैसे:
- बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर
- बाबा कामेश्वर महादेव मंदिर
- बाबा संड्रेस्वर शिव मंदिर
- बाबा खोड़ेस्वर शिव मंदिर
- डुंगरी शिव मंदिर
में भी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व भक्ति भाव से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
मंदिर परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गुंजायमान रहा। सुबह 5 बजे से ही पूजा के लिए भक्त मंदिरों में जुटने लगे थे। स्वर्णरेखा नदी घाट और रांगड़ो खाल से जल लेकर कांवड़ियों ने मंदिरों की ओर रुख किया। कई जगह श्रद्धालुओं को घंटों तक कतार में खड़ा रहकर भगवान शिव का दर्शन करना पड़ा।
श्रावण मास की भीड़ को देखते हुए बहरागोड़ा एवं बरसोल पुलिस प्रशासन की ओर से विभिन्न शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
👉 अबुआ खबर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा। जुड़े रहें।