चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया की समीक्षा की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर विशेष चर्चा हुई।
विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची का सही तरीके से सत्यापन कराएं, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर आधारित होती है।
उन्होंने बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करने, नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने तथा त्रुटियों को सुधारने में सहयोग करने की अपील की। विधायक ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में होना जरूरी है और इसके लिए सभी प्रतिनिधियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना होगा।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने भी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव साझा किए और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में कई पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।