चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने अपने कार्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर सूची से बाहर न रह जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वच्छ निर्वाचन प्रक्रिया और जागरूक मतदाता बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करने, मतदाता सूची की सही ढंग से जांच करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और इसके लिए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
बैठक में मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों ने भी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव रखे और क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। कार्यक्रम में कई पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।