जादूगोड़ा | अबुआ खबर डेस्क
जमशेदपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर जादूगोड़ा में मंगलवार को अंतर-वाहिनी जीसी (ऑप्स) ट्रैक एंड फील्ड एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीआईजी रमेश कुमार, सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर जमशेदपुर, ने फीता काटकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।
इस प्रतियोगिता में झारखंड सेक्टर में तैनात विभिन्न वाहिनियों और ग्रुप केंद्रों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में जवानों ने मार्च पास्ट और खेल भावना से ओत-प्रोत प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डीआईजी रमेश कुमार ने अपने संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि —
“खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और मानसिक मजबूती का प्रतीक हैं। ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के साथ हमें खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।”
उन्होंने खिलाड़ियों को उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीआरपीएफ के जवान खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर डीआईजी (मेडिकल) डॉ. उर्मिला गारी, कमांडेंट पंकज सिंह, सीएमओ डॉ. मीना नवीन कुमार, सहायक कमांडेंट जफर आलम, तरुण बेरा, मकसूद आलम, और अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे।