Responsive Menu
Add more content here...

रंगूनिया और पारुलिया में पांच दिवसीय रास महोत्सव का उल्लासपूर्ण समापन

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता (निलेश बेरा)

बहरागोड़ा प्रखंड के रंगूनिया और पारुलिया गांवों में आयोजित पांच दिवसीय रास महोत्सव का समापन मंगलवार को धार्मिक उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

रंगूनिया गांव में पुजारी मृतुंजय ठाकुर के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की गई। महोत्सव के अंतिम दिन कीर्तन मंडलियों ने हरिनाम संकीर्तन और कृष्ण लीला नाटक का शानदार प्रदर्शन किया। मंदिर परिसर में यज्ञ एवं हवन के बाद पूर्णाहुति दी गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को खिचड़ी प्रसाद का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया। दोपहर बाद पारंपरिक दही हांडी उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें मंडप के चारों ओर परिक्रमा करने के बाद दही हांडी फोड़कर महोत्सव का समापन किया गया।

वहीं, पारुलिया गांव के शामटोला शाम मंदिर में भी मंगलवार को पांच दिवसीय रास उत्सव का समापन हुआ। पुजारी सत्यनारायण महापात्र ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की, जिसके बाद महिलाओं ने क्रमवार पुष्पांजलि अर्पित की।

मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन शाम को स्थानीय कीर्तन गायकों द्वारा भक्ति संगीत का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति को भव्य रूप से सजाए गए झूले में विराजमान कराया गया। पांच दिनों तक भगवान के विभिन्न रूपों की विस्तृत चर्चा और झूला उत्सव के बाद मंगलवार को दही महोत्सव के साथ प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन हुआ।