जमशेदपुर, 9 जुलाई 2025 – पूर्वी सिंहभूम जिले में साइबर अपराधियों की एक नई साजिश सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी का नाम और प्रोफाइल फोटो इस्तेमाल कर व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों से पैसों की मांग की जा रही है।
जिला प्रशासन ने इसे एक सुनियोजित साइबर फ्रॉड करार देते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के संदेशों या कॉल्स से सावधान रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त या जिला कार्यालय द्वारा कभी भी व्हाट्सएप या व्यक्तिगत नंबर से धन की मांग नहीं की जाती। यह एक धोखाधड़ी है और नागरिकों को इसके झांसे में नहीं आना चाहिए।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम द्वारा जारी सूचना में कहा गया है:
“सतर्क रहें, जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की ठगी से स्वयं को सुरक्षित रखें।”
यदि किसी नागरिक को ऐसा कोई संदिग्ध मैसेज प्राप्त होता है, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को सूचित करें।