चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) – चाकुलिया प्रखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित बिजली विभाग कार्यालय में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कार्यालय भवन की छत जर्जर हो चुकी है और हर कमरे में पानी टपकने लगा है, जिससे विभागीय कार्य बाधित हो रहा है।

सबसे अधिक परेशानी सहायक अभियंता एहसान अख्तर को उठानी पड़ रही है, जिनके कक्ष में भी बारिश का पानी सीधे टपक रहा है। मजबूरीवश उन्हें अन्य कर्मचारियों के साथ दूसरे कक्ष में बैठकर कार्य करना पड़ रहा है। लेकिन स्थिति वहां भी कुछ अलग नहीं है—उस कमरे की छत से भी लगातार पानी टपक रहा है। विभागीय दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें प्लास्टिक शीट से ढंका गया है।
सहायक अभियंता अख्तर ने बताया कि उन्होंने कार्यालय भवन की मरम्मत के लिए अब तक तीन बार कार्यपालक अभियंता को लिखित सूचना दी है, जिनमें नवीनतम पत्र बुधवार को भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते छत की मरम्मत नहीं कराई गई, तो बरसात के पूरे मौसम में विभाग को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय कर्मचारियों ने भी मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द इस दिशा में कार्रवाई करे ताकि कार्यालय का सामान्य संचालन बहाल हो सके।