Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने धाधकीडीह में पोल्ट्री व्यवसाय कर रहीं महिलाओं से की मुलाकात, आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना

Spread the love

जमशेदपुर/पटमदा: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी गुरुवार को पटमदा प्रखंड के धाधकीडीह गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पोल्ट्री मुर्गीपालन से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और आत्मनिर्भर बनने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

पटमदा ग्रामीण पोल्ट्री स्वावलंबी सहकारी समिति लि. की अध्यक्ष सत्यवती महतो और सदस्य सुशीला किस्कू ने उपायुक्त को बताया कि वर्ष 2011 में टैगोर सोसायटी फॉर रूरल डेवलपमेंट के सहयोग से इस सहकारी समिति का गठन हुआ था। वर्तमान में समिति की सदस्य महिलाएं प्रतिमाह औसतन 4 से 6 हजार रुपये का लाभ अर्जित कर रही हैं।

उपायुक्त ने बातचीत के दौरान महिलाओं के व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन व्यवसायिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए हर संभव सहयोग देगा।

महिलाओं को मिलेगी बैंकिंग और लोन सुविधा

केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन

28 अगस्त को गांव में बैंक शिविर लगाने का निर्देश

बिना ब्याज के लोन पर पिकअप वैन उपलब्ध कराने का भरोसा

सोलर प्लांट और गोदाम (दाना घर) निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने पर जल्द कार्रवाई

उपायुक्त ने ग्रामीणों की मांग पर जर्जर सड़कों की मरम्मत और पेयजल सुविधा में सुधार का आश्वासन दिया। साथ ही, जेएसएलपीएस के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण, मार्केट लिंकेज और सप्लाई चेन मजबूत करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन, बागवानी और मत्स्य पालन जैसे व्यवसायों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाएं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएं।

मौके पर बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, टैगोर सोसायटी के प्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।