Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में दंपत्ति की दर्दनाक मौत: प्रेम प्रसंग के शक में पति ने पत्नी की हत्या कर दी, फिर खुद ट्रेन के सामने कूद गया

Spread the love

जमशेदपुर संवाददाता: जमशेदपुर के परसुडीह क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। प्रेम प्रसंग के शक में साहब मुखर्जी (उम्र लगभग 36 वर्ष) ने अपनी पत्नी शिल्पी मुखर्जी (34 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी और फिर खुद सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।

मिली जानकारी के अनुसार, शिल्पी मुखर्जी पोटका सीएससी में नर्स के पद पर कार्यरत थीं और दंपत्ति परसुडीह के नामो टोला में रहते थे। गुरुवार सुबह साहब मुखर्जी ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर, चाकू और हथौड़े जैसे औजार से हत्या कर दी।

इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल व्हाट्सऐप स्टेटस और एक सुसाइड नोट के जरिए यह स्वीकार किया कि उन्होंने पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग में लिप्त पाया और गुस्से में उसकी हत्या कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह पुलिस ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि सुंदरनगर पुलिस ने रेलवे ट्रैक से साहब मुखर्जी का शव उठाया।

महिला के भाई अमित कुमार ने बताया कि उन्हें शुरू में सूचना मिली थी कि जीजा का एक्सीडेंट हो गया है, लेकिन जब वे परसुडीह पहुंचे तो देखा कि उनकी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि चार साल पहले उनकी बहन की शादी हुई थी और इस घटना के पीछे के असली कारण के बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है।

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पति ने हत्या के बाद आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट और मोबाइल स्टेटस पर घटना की पुष्टि की। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गहन जांच कर रही है, ताकि इस दर्दनाक घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।