Responsive Menu
Add more content here...

8 अक्टूबर को ई-कल्याण कार्यालय का घेराव करेंगे छात्र, बोले – स्कॉलरशिप नहीं मिली तो पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी

Spread the love

रांची: झारखंड के छात्रों में ई-कल्याण पोर्टल के प्रति आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के हजारों विद्यार्थियों को पिछले एक से डेढ़ वर्ष से छात्रवृत्ति राशि नहीं मिली है, जिसके कारण कई छात्रों की पढ़ाई बाधित हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र अब आंदोलन के मूड में हैं। आगामी 8 अक्टूबर को राज्यभर के विद्यार्थी ई-कल्याण कार्यालय का घेराव करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन छात्र हित सार्वजनिक मंच के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कई छात्र संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की है।

आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू महतो ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, “राज्य सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है। एक ओर योजनाओं के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, वहीं छात्रों की स्कॉलरशिप राशि के लिए बजट नहीं है। यह छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।”

उन्होंने कहा कि हजारों छात्र ऐसे हैं जो अपने जिलों से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन स्कॉलरशिप नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों को कर्ज लेकर अपनी पढ़ाई जारी रखनी पड़ रही है, जबकि कुछ ने मजबूरी में पढ़ाई ही छोड़ दी है। बबलू महतो ने कहा कि जब तक लंबित छात्रवृत्ति की राशि जारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि ई-कल्याण झारखंड छात्रवृत्ति योजना के तहत SC, ST और OBC वर्ग के विद्यार्थियों को हर साल ₹19,000 से ₹90,000 तक की राशि दी जाती है। यह राशि कोर्स और संस्थान के स्तर के अनुसार निर्धारित होती है — जैसे स्नातक या स्नातकोत्तर कोर्स के लिए।

छात्र संगठनों ने कहा है कि सरकार की लापरवाही के कारण हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्कॉलरशिप की बकाया राशि जारी नहीं की गई, तो वे ई-कल्याण कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।