घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने घाटशिला प्रखंड के दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनसुविधाओं का स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, परिसंपत्तियों के रखरखाव और योजनाओं के समयबद्ध संचालन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गालूडीह के उलदा स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), गुड़ाझोर गांव में बने एमपीसी भवन और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उत्तर पावड़ा के मार्केट कॉम्प्लेक्स तथा चेंगजोड़ा गांव स्थित माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज का दौरा किया। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए आम जनता और पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विकास योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका संचालन बिना विलंब शुरू किया जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द उसका लाभ मिल सके। उन्होंने सभी परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पर्याप्त चिकित्सकीय संसाधन, दवाइयों की उपलब्धता और आवश्यक मानव संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उत्तर पावड़ा स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए स्थानीय व्यापारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और परिसर के सुव्यवस्थित संचालन पर बल दिया।
चेंगजोड़ा स्थित माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज में उपायुक्त ने पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, साइनेज, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक और सुविधायुक्त बनाकर स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।