Responsive Menu
Add more content here...

घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025: मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न

Spread the love

घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम: 11 नवम्बर 2025 को घाटशिला विधानसभा (अ.ज.जा) उप निर्वाचन 2025 का मतदान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला में प्रेस वार्ता कर मतदाताओं और मीडिया को जानकारी दी।

मौके पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सायं 5 बजे तक कुल 73.88% मतदान दर्ज किया गया। अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित की गई थी। मतदान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

उन्होंने यह भी बताया कि मॉक पोल के दौरान 2 बीयू, 1 सीयू और 4 वीवीपैट मशीनें बदली गईं। वास्तविक मतदान प्रक्रिया के दौरान 1 बीयू, 1 सीयू और 5 वीवीपैट मशीनें प्रतिस्थापित की गईं।

मतदान कार्य समाप्त होने के बाद कुल 297 मतदान दल अपने ईवीएम मशीन को को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित रिसीविंग सेंटर में जमा करेंगे, जबकि 3 दल भौगोलिक स्थिति के कारण 12 नवम्बर 2025 को ईवीएम जमा करेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस उप निर्वाचन में 31 मतदाताओं ने होम वोटिंग का उपयोग किया। इसके अलावा, दिव्यांग मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 93.63% और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 90.62% रहा, जो लोकतंत्र के प्रति जनता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मतदान दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर अवैध पोस्ट से संबंधित 1 एफआईआर और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी 1 एफआईआर दर्ज की गई।

कर्ण सत्यार्थी ने सभी मतदाताओं, मतदानकर्मियों, सुरक्षा बलों, निर्वाचन अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में उनका सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने यह भी बताया कि ईवीएम की सुरक्षा और स्ट्रॉन्ग रूम की सीलिंग निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यर्थियों और एजेंटों की मौजूदगी में की जाएगी।