जमशेदपुर। संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं की प्रगति पर चर्चा की गई और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने धालभूमगढ़ और डुमरिया परियोजना में लेडी सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही 30 रिक्त सेविका और 24 सहायिकाओं की नियुक्ति 30 सितंबर तक पूरी करने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन निर्माण, DMFT और PMJANMAN योजना अंतर्गत 219 केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबित बिजली कनेक्शन कार्य और स्वच्छता एक्शन प्लान के तहत पेयजल व शौचालय निर्माण का काम 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा होना चाहिए। साथ ही सेविका-सहायिकाओं की अनुपस्थिति विवरणी और अतिरिक्त मानदेय संबंधी रिपोर्ट 13 सितंबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में PMJANMAN योजना के तहत लंबित भवन निर्माण कार्य सितंबर माह के अंत तक पूरा करने, लेडी सुपरवाइजरों द्वारा आधार परीक्षा पूर्ण कर ऑनबोर्डिंग करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रतिदिन संचालन की रिपोर्ट समय पर देने का आदेश दिया गया। धालभूमगढ़ की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर उपायुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया।
इसके अतिरिक्त, 3–6 वर्ष के बच्चों का शत-प्रतिशत वृद्धि निगरानी और पोषण ट्रैकर ऐप में प्रविष्टि, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की प्रगति 70% तक बढ़ाने, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का 60% लक्ष्य सितंबर तक हासिल करने और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में राज्य विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि अब तक केवल पटमदा परियोजना से एक आवेदन आया है, जबकि सभी परियोजनाओं से सितंबर माह तक आवेदन प्राप्त होना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता है और अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।